Logo
Crime News: MP के धार में हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक महिला को सरेआम लाठी से पीटा गया। महिला चीखती-चिल्लाती रही। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Crime News: मध्यप्रदेश में खुलेआम गुंडागर्दी का एक और मामला सामने आया है। धार में एक महिला को सरेआम लाठी से पीटा गया। महिला चींखती-चिल्लाती रही, लेकिन उसे बचाने कोई नहीं आया। महिला के साथ हुई दरिंदगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।  वीडियो में दिख रहा है कि चार लोग महिला को पकड़े हैं और एक शख्स लाठी से पीट रहा है। वीडियो धार के टांडा थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है।

सरपंच को पुलिस ने किया गिरफ्तार 
जानकारी के मुताबिक, महिला के बेरहमी से हुई मारपीट का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर मुख्य आरोपी गांव के सरपंच नूर सिंह पिता जाम सिंह भूरिया को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी का कहना है कि महिला की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

महिला किसी के साथ चली गई थी
पुलिस के मुताबिक, महिला की शादी हो चुकी है। उसक बच्चे भी हैं। इसके बाद भी महिला किसी दूसरे व्यक्ति के साथ कहीं चली गई थी। जब दोनों पक्षों से बातचीत हुई तो वह व्यक्ति महिला को फिर से गांव छोड़कर चला गया। महिला के लौटने पर गांव के सरपंच और अज्ञात लोगों ने सरेआम उसके साथ मारपीट की। 

PCC चीफ जीतू पटवारी की पोस्ट 

वीडियो से चार आरोपियों की पहचान
पीड़ित महिला के बयान के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। वीडियो में दिख रहे आरोपियों के अलावा भी जो लोग इस मामले में शामिल हैं, उन्हें पकड़ने के लिए टीम भेजी गई है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर चार आरोपियों को चिन्हित कर लिया है। उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

धार एसपी का एक्स पर वीडियो
धार एसपी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट किया है। SP ने लिखा है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो अज्ञात व्यक्ति महिला को पीट रहे हैं। उक्त वीडियो को पुलिस ने संज्ञान में लिया और जांच की तो पता चला कि वीडियो थाना टांडा क्षेत्र का है। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। महिला सम्मान के लिए धार पुलिस सदैव तत्पर है। 

5379487