Logo
MP Weather Update : हर दिन की तरह आज गुरुवार भी राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के 12 जिलों में सुबह से कोहरा देखा गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में प्रदेश के रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

MP Weather Update : गुरुवार प्रदेश के ग्वालियर, भोपाल समेत 12 जिलों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। वहीं, बुधवार को सीधी जिले में हल्की बारिश दर्ज की गई। गुरुवार के लिए मौसम विभाग ने रीवा और सागर संभाग में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। दिन का तापमान औसतन कम ही रहेगा। नमी की वजह से कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। सिस्टम गुजरने के बाद शुक्रवार से रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

मौसम विभाग भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि महाराष्ट्र के मराठवाड़ा संभाग के ऊपर चक्रवाती घेरा होने के साथ ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। इसके असर से मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की एक्टिविटी है।

वहीं, सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि रीवा संभाग के आसपास लोकल लेवल पर चक्रवाती घेरा होने से भी मौसम बदला रहा। वहीं, दक्षिणी हवाएं एक्टिव होकर बंगाल की खाड़ी से नमी ला रही थीं। इससे बुधवार को भी कई शहरों में मौसम बदला रहा। 

 

रीवा-सतना, खजुराहो सबसे ठंडे

बुधवार को रीवा, सतना और खजुराहो मध्यप्रदेश में सबसे ठंडे रहे। रीवा में दिन का टेम्प्रेचर 23.4 डिग्री सेल्सियस, सतना में 23.6 डिग्री और खजुराहो में 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। नौगांव और पचमढ़ी में भी पारा 25 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। सिवनी, बैतूल, धार, मंडला, खंडवा और खरगोन का तापमान सबसे अधिक रहा। यहां तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। खरगोन में सबसे ज्यादा 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 27 डिग्री, इंदौर में 27.2 डिग्री, ग्वालियर में 25.9 डिग्री, जबलपुर में 24 डिग्री और उज्जैन में पारा 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

5379487