Logo
Bhajanlal Sharma New BJP Chief Minister Of Rajasthan: राजस्थान में बीते 9 दिनों से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया। सांगानेर विधानसभा सीट से पहली बार चुने गए विधायक भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया गया।

Bhajanlal Sharma New BJP Chief Minister Of Rajasthan: राजस्थान में बीते 9 दिनों से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया। सांगानेर विधानसभा सीट से पहली बार चुने गए 56 साल के विधायक भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया गया। दिल्ली से पर्यवेक्षक बनकर आए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भजन लाल के नाम का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि भजन लाल के नाम का प्रस्ताव पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने ही रखा था। वे मूलत: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से आते हैं और भरतपुर के रहने वाले हैं। वर्तमान में वे प्रदेश महामंत्री पद पर थे।

दो उपमुख्यमंत्री भी बने
मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों का चयन विधायकों की बैठक में किया गया। पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडेय ने जयपुर बीजेपी दफ्तर में पहले सभी विधायकों के साथ फोटो सेशन कराया। इसके बाद विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। जिस पर सभी ने सहमति जताई।

दो उप मुख्यमंत्री भी बनाए गए। दीया कुमारी और डॉक्टर प्रेमचंद बैरवा को उप मुख्यमंत्री बनाया गया। दीया कुमारी जयपुर की विद्याधर नगर सीट से जीती हैं और प्रेमचंद जयपुर जिले की दूदू सीट से विधायक हैं। वहीं, वासुदेव देवनानी को विधानसभा स्पीकर बनाया गया। 

सभी के सहयोग से करेंगे राजस्थान का विकास
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा के सभी नेताओं के साथ मिलकर राजस्थान का सर्वांगीण विकास करेंगे। 

फोटो सेशन में चौथी पंक्ति में बैठे थे भजन लाल शर्मा
जयपुर बीजेपी दफ्तर में जब फोटो सेशन हुआ, तब भजन लाल शर्मा चौथी पंक्ति में बैठे थे। वहीं दीया कुमारी दूसरी पंक्ति में थीं। जबकि राजनाथ सिंह और वसुंधरा राजे एक-दूसरे के बगल बैठी थीं। फिलहाल, सीएम भजन लाल शर्मा राजभवन के लिए रवाना हो गए हैं। वे सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

साधारण परिवार से भजनलाल
राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्हें खेती किसानी का शौक है और वे कारोबारी भी हैं। उनके पिता किशन स्वरूप शर्मा भी किसान हैं। भरतपुर की उच्चैन तहसील के गांव अटारी टोला के रहने वाले भजन लाल शर्मा एक बार अटारी गांव के सरपंच भी रहे हैं। वे संघ से लंबे समय से जुड़े हैं।

भजन लाल ने पोस्ट ग्रेजुएट तक शिक्षा हासिल की। आम लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहने वाले भजनलाल शर्मा को पहली बार सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिला और विजय हासिल की। उन्होंने 48 हजार से अधिक वोटों से कांग्रेस के पुष्पेंद्र भारद्वाज को शिकस्त दी। वे भरतपुर जिला मोर्चा के अध्यक्ष रहे और भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में चार बार महामंत्री का दायित्व संभाला।

अब जानिए डिप्टी CM को...

डॉ. प्रेम चंद बैरवा 
विधानसभा क्षेत्र: दूदू (जयपुर)
जन्मस्थान: श्रीनिवासपुरा
जन्मतिथि: 31 अगस्त 1969 (54 वर्ष) 
पेशा: कृषि और कारोबार
शिक्षा: राजस्थान यूनिवर्सिटी से पीएचडी

ताकत: डॉ. बैरवा जयपुर के आसपास के क्षेत्र में अनुसूचित जाति के बड़े नेता हैं। 2013 में पहली बार विधायक बने। इस बार पार्टी ने उन्हें तीसरी बार मैदान में उतारा था।

दीया कुमारी
विधानसभा क्षेत्र: विद्याधर नगर (जयपुर)
जन्मस्थान:  जयपुर
जन्मतिथि: 30 जनवरी 1971 (52 वर्ष) 
पेशा: राजनीति
शिक्षा: पोस्ट ग्रेजुएट (लंदन)  

ताकत: राजघराने से आने वालीं दीया कुमारी वर्तमान में राजसमंद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद हैं। इससे पहले 2013 में सवाई माधोपुर से विधायक चुनी गई थीं। वे जयपुर रियासत के अंतिम शासक महाराजा मानसिंह II की पोती हैं।

कौन हैं विधानसभा स्पीकर?

Vasudev
Vasudev Devnani

वासुदेव देवनानी 
विधानसभा क्षेत्र: अजमेर उत्तर
जन्मतिथि: 11 जनवरी 1950 (73 वर्ष) 
पेशा: राजनीति
शिक्षा: इंजीनियरिंग, जोधपुर यूनिवर्सिटी 

ताकत: राजस्थान में संघ के पुराने कार्यकर्ता हैं। 2008 से लगातार विधायक रहे हैं।

5379487