Logo
Karni Sena Vivad: राजस्थान की राजधानी जयपुर में दो राजपूत संगठनों के पदाधिकारियों के बीच शुक्रवार की रात विवाद हो गया। जिसमें दोनों संगठनों के लोगों ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है।

Karni Sena Vivad: राजस्थान की राजधानी जयपुर में दो राजपूत संगठनों के पदाधिकारियों के बीच शुक्रवार की रात विवाद हो गया। जिसमें दोनों संगठनों के लोगों ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। वहीं इसमें श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना घायल हो गए हैं। जिसे इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस भी मामले की जांच करने में जुटी है।

जयपुर में शुक्रवार की रात राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत और श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेखावत ने बताया कि शुक्रवार की रात चार लोग मेरे कार्यालय में घुसे। इस दौरान एक बदमाश ने फायर करना शुरू कर दिया। 

गनमैन ने बदमाश को किया कंट्रोल- शिव सिंह शेखावत
शिव सिंह शेखावत ने बताया फायरिंग के दौरान गोली मेरे पास से निकल गई। मेरे गनमैन ने बदमाश को कंट्रोल करते हुए उसे नीचे गिरा दिया। फायरिंग करने वाले से मैंने जब रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की तो वह माफी मांगने लगा। मेरा गनमैन उस पर फायर करने वाला था, लेकिन मैंने उसे रोक लिया।

धोखे से बुलाकर मारा- महिपाल की पत्नी बोलीं
वहीं इस मामले को लेकर महिपाल सिंह मकराणा की पत्नी वर्षा ने बताया कि महिपाल सिंह को धोखे से बुलाकर मारा गया है। उनको पहले से ही पता था, कि ये आदमी अकेला आएगा। इसलिए उन्होंने पहले से ही 40 लोग इकट्‌ठा कर रखे थे। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को भी इसी तरह धोखाधड़ी से मारा गया था। साथ ही वर्षा ने बताया कि उन्होंने मुझसे कहा कि धोखे से बुलाकर मारा गया है। फायरिंग शिव सिंह की तरफ से हुई है। उन्होंने खुद नीचे फायरिंग कर नाम लगा दिया है।

महिपाल समर्थकों ने थाने में मुर्दाबाद के लगाए नारे 
हालांकि घटना के बाद से महिपाल सिंह मकराना के समर्थक आक्रोशित होकर चित्रकूट थाने पहुंच गए। जहां उन्होंने पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। महिपाल समर्थक शिव सिंह के लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस प्रशासन लोगों को समझाइश देने का प्रयास कर रहे हैं।

दोनों के पास पहले से मौजूद हैं गनमैन
एडिशनल पुलिस कमिश्नर कैलाश बिश्नोई ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकराना को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि दोनों लोगों के पास गनमैन मौजूद हैं। उनसे भी घटना को लेकर पूछताछ की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

5379487