Logo
राज्यपाल कलराज मिश्र ने सीएम भजनलाल शर्मा और दोनों उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह सहित कई राज्यों के सीएम मौजूद रहे।

जयपुर। भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के 14वें और बीजेपी के पांचवें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल कलराज मिश्र ने भजनलाल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अल्बर्ट हॉल के सामने रामनिवास बाग में हुए शपथ ग्रहण समारोह में दो डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने भी शपथ ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत, मध्यप्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा सहित कई दिग्गज नेता शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बने। 

तीन मंच बनाए गए थे 
बता दें कि शपथ समारोह के लिए तीन मंच बनाए गए थे। एक मंच पर राज्यपाल ने भजनलाल, दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को शपथ दिलाई। इस मंच पर पीएम नरेंद्र मोदी भी उपस्थित थे। वहीं दूसरे मंच पर केंद्रीय मंत्री सहित कई राज्यों के दिग्गज नेता मौजूद रहे। तीसरे मंच पर अलग-अलग स्थानों से आए साधु-संत मौजूद रहे। 

मैं भावुक और नतमस्तक हूं: मुख्यमंत्री
शपथ के बाद भजनलाल ने कहा कि मैं भावुक और नतमस्तक हूं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का संकल्प सर्वोपरि है। राजस्थान को सर्वश्रेष्ठ, समृद्ध, और आत्‍मनिर्भर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इसके बाद उन्होंने सचिवालय पहुंचकर पूजा-पाठ के साथ मुख्यमंत्री का कार्यभार संभाला।  

तीन आईएएस की नियुक्ति के आदेश जारी 
इधर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ऑफिस में तीन आईएएस अफसरों की नियुक्ति के आदेश जारी हो गए हैं। टी रविकांत को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव, आनंदी को सचिव और सौम्या झा को संयुक्त सचिव बनाया गया है।

बीजेपी अब पांचवीं बार सत्ता संभालेंगी
बता दें कि अब तक राजस्थान में 13 मुख्यमंत्री रह चुके हैं। भजनलाल 14वें मुख्यमंत्री बने। सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड अशोक गहलोत के नाम दर्ज है। वे लगातार 15 वर्ष तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं। दूसरे नंबर पर मोहनलाल सुखाड़िया रहे हैं। राजस्थान में वर्ष 1949 से लेकर अब तक 25 बार सरकारों का गठन हुआ, जिनमें 20 बार कांग्रेस, 4 बार बीजेपी और 1 बार जनता पार्टी की सरकार बनी। बीजेपी अब पांचवीं बार सत्ता संभालने जा रही है। 

माता-पिता के चरण धोकर लिया आशीर्वाद
भजनलाल ने अपने 56वें जन्मदिन के अवसर पर ही राजस्थान के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। शपथ ग्रहण से पहले भजनलाल शर्मा ने मंदिर में दर्शन किए और उसके बाद पिता के चरण धोकर उनका आशीर्वाद लिया।

राजस्थान के अब तक के मुख्यमंत्रियों की लिस्ट 

मुख्यमंत्री का नाम कब से कब तक     पार्टी
हीरा लाल शास्त्री 7 अप्रैल 1949 से 5 जनवरी 1951 तक         कांग्रेस
सी एस वेंकटाचारी        6 जनवरी 1951 से 25 अप्रैल 1951 तक    कांग्रेस
जय नारायण व्यास   26 अप्रैल 1951 से 3 मार्च 1952 तक    कांग्रेस
टीका राम पालीवाल    3 मार्च 1952 से 31 अक्टूबर 1952 तक          कांग्रेस
जय नारायण व्यास     1 नवम्बर 1952 से 12 नवम्बर 1954 तक       कांग्रेस
मोहन लाल सुखाड़िया     13 नवम्बर 1954 से 11 अप्रैल 1957 तक       कांग्रेस
मोहन लाल सुखाड़िया    11 अप्रैल 1957 से 11 मार्च 1962 तक       कांग्रेस
मोहन लाल सुखाड़िया   12 मार्च 1962 से 13 मार्च 1967 तक       कांग्रेस
राष्ट्रपति शासन       13 मार्च 1967 से 26 अप्रैल 1967 तक   ---
मोहन लाल सुखाड़िया     26 अप्रैल 1967 से 9 जुलाई 1971 तक         कांग्रेस
बरकतुल्लाह खां         9 जुलाई 1971 से 11 अगस्त 1973 तक   कांग्रेस
हरिदेव जोशी        11 अगस्त 1973 से 29 अप्रैल 1977 तक       कांग्रेस
राष्ट्रपति शासन       29 अगस्त 1973 से 22 जून 1977 तक         ----
भैरोंसिंह शेखावत          22 जून 1977 से 16 फरवरी 1980 तक  जनता पार्टी
राष्ट्रपति शासन       16 मार्च 1980 से 6 जून 1980 तक         ----
जगन्नाथ पहाड़िया     6 जून 1980 से 13 जुलाई 1981 तक       कांग्रेस
शिवचरण माथुर       14 जुलाई 1981 से 23 फरवरी 1985 तक       कांग्रेस
हीरा लाल देवपुरा   23 फरवरी 1985 से 10 मार्च 1985 तक       कांग्रेस
हरिदेव जोशी         10 मार्च 1985 से 20 जनवरी 1988 तक           कांग्रेस
शिवचरण माथुर       20 जनवरी 1988 से 4 दिसम्बर 1989 तक       कांग्रेस
हरिदेव जोशी         4 दिसम्बर 1989 से 4 मार्च 1990 तक       कांग्रेस
भैरोंसिंह शेखावत   4 मार्च 1990 से 15 दिसम्बर 1992 तक         भाजपा
राष्ट्रपति शासन       15 दिसम्बर 1992 से 4 दिसम्बर 1993 तक      ----
भैरोंसिंह शेखावत   4 दिसम्बर 1993 से 29 दिसम्बर 1998 तक     भाजपा
अशोक गहलोत      1 दिसम्बर 1998 से 8 दिसम्बर 2003 तक         कांग्रेस
वसुंधरा राजे सिंधिया   8 दिसंबर 2003 से 11 दिसंबर 2008 तक         भाजपा
अशोक गहलोत       12 दिसंबर 2008 से 13 दिसम्बर 2013 तक     कांग्रेस
वसुंधरा राजे सिंधिया       13 दिसम्बर 2013 से 16 दिसम्बर 2018 तक   भाजपा
अशोक गहलोत         17 दिसंबर 2018 से 3 दिसंबर 2023 तक         कांग्रेस
भजनलाल शर्मा                                       15 दिसंबर 2023 से अब तक            भाजपा 

 

Twitter पर लिखा-प्रभु की कृपा राजस्थान पर बनी रहे
भजनलाल ने शपथ ग्रहण से पहले जन-जन के आराध्य गोविंद देव जी का आशीर्वाद लिया। सीएम ने अपने Twitter पर लिखा है कि प्रभु की कृपा समस्त राजस्थान के मेरे परिवार पर बनी रहे। उनके आशीर्वाद से प्रदेशवासियों का जीवन सुख-समृद्धि और आरोग्यता से अभिसिंचित हो।

Bhajan Lal Sharma
शपथ ग्रहण से पहले भजनलाल ने आराध्य गोविंद देव जी का आशीर्वाद लिया।

5379487