Madan Dilawar: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से बड़ी खबर है। रावतभाटा में शुक्रवार (11 अक्टूबर) को पंचायत भवन का निरीक्षण करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियों ने डंक मारना शुरू किया तो मंत्री इधर-उधर भागे। भागदौड़ में दिलावर का ब्लड प्रेशर बढ़ गया। आनन-फानन में दिलावर को अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने इंफेक्शन से बचने का इंजेक्शन लगाया। चेकअप के बाद डॉक्टर ने मंत्री का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक होना बताया है। 

शौचालय में घुसे और दौड़कर बाहर भागे मंत्री 
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के शिक्षा व पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर शुक्रवार को भैंसरोडगढ़ पंचायत समिति में निरीक्षण करने पहुंचे। मंत्री शौचालय के अंदर पहुंचे तो मंत्री को मधुमक्खियों का छत्ता दिखाई दिया। थोड़ी ही देर में मधुमक्खियों ने मंत्री पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों ने मंत्री को डंक मारना शुरू कर दिया। मंत्री तेजी से दौड़ते हुए बाहर निकले। बाहर मौजूद स्टाफ ने उन्हें संभाला और डॉक्टर्स की टीम को मौके पर बुलवाया। चिकित्सकों ने उन्हें चुभे डंक निकाले।