Logo
Akhilesh Yadav Azamgarh Rally: लालगंज लोकसभा सीट से सपा ने दरोगा प्रसाद को अपना कैंडिडेट बनाया है। मंगलवार, 21 मई को अखिलेश यादव दरोगा सरोज के समर्थन में सरायमीर थाना क्षेत्र के खरेमा बाजार में जनसभा करने पहुंचे थे।

Akhilesh Yadav Azamgarh Rally: पहले फूलपुर, फिर संतकबीरनगर और अब आजमगढ़ में चुनाव प्रचार के दौरान अखिलेश यादव की रैली में भीड़ बेकाबू हो गई। इसकी वजह से भगदड़ मच गई। जनसभा में ईंट-पत्थर चले। कुर्सियां तोड़ी गईं। पुलिसवालों पर चप्पलें फेंकी गई। जब पुलिसवालों का धैर्य जवाब दे गया तो उन्होंने लाठीचार्ज कर स्थिति पर काबू पाया। खुद अखिलेश यादव भी मंच से लोगों को समझाते नजर आए। भगदड़ और लाठीचार्ज में कई लोगों के घायल होने की खबर है। हालांकि अभी तक किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। 

लालगंज लोकसभा सीट से सपा ने दरोगा प्रसाद को अपना कैंडिडेट बनाया है। मंगलवार, 21 मई को अखिलेश यादव दरोगा सरोज के समर्थन में सरायमीर थाना क्षेत्र के खरेमा बाजार में जनसभा करने पहुंचे थे। अखिलेश यादव मंच पर ही थे, तभी सपा कार्यकर्ता बेकाबू हो गए। बैरिकेडिंग तोड़कर मच की ओर अखिलेश यादव की तरफ बढ़ने लगे। कार्यकर्ताओं को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठी पटकी तो भगदड़ मच गई। लोगों ने ईंट-पत्थरों और चप्पलों से पुलिस पर पलटवार किया। कुर्सियां तोड़ डाली। 

देखिए VIDEO...

प्रयागराज में भी हुआ था हंगामा
इससे पहले प्रयागराज के फूलपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव की संयुक्त जनसभा हुई थी। इस दौरान भी अराजकता का दृश्य देखने को मिला था। बेकाबू भीड़ के चलते दोनों नेता रैली को संबोधित किए बगैर चले गए थे। राहुल और अखिलेश यादव ने मंच पर बैठकर इंटरव्यू करते हुए वीडियो जारी किया था। 

संतकबीरनगर की रैली में मची थी अफरा तफरी
प्रयागराज से पहले संतकबीरनगर में अखिलेश यादव की रैली में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ डाली थी। मंच की ओर कार्यकर्ताओं के बढ़ने से अफरा तफरी का माहौल बन गया था। लोगों ने अखिलेश यादव के साथ सेल्फी भी खिंचाई थी। 

अखिलेश यादव के संबोधन की खास बातें

  • ये जनसमर्थन, उत्साह, जोश दरोगा सरोज जी को जीताने जा रहा है। आजमगढ़ की जनता दोनों सीटों को जिताने जा रही है, मैं आपको 22 का भी धन्यवाद देता हूं, आपने 10 की 10 सीटें जितवा दी थी।
  • पहले चरण से मैं चुनाव देख रहा हूं, आप देखिए जिस समय चुनाव 7 वें चरण में पहुंचेगा जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई देगा। बीजेपी के लोगों ने जो कुछ भी रणनीति बनाई है, इस बार उत्तर प्रदेश की जनता ने उनको सबक सिखाने का मन बना लिया है।
  • इस बार जनता ने मन बनाया है ये PDA परिवार ही NDA को हराएगा। बीजेपी की सरकार जो पिछले 10 साल चली है लूट और झूठ के साथ चली है। बताओ वैक्सीन कंपनी से भी चंदा ले लिया और वैक्सीन जबरदस्ती लगवा दी, अब वैक्सीन से जान का खतरा हो गया है।
  • बीजेपी का तालमेल बिगड़ गया है, घालमेल हो गया है। अंदर ही अंदर एक दूसरे का भरोसा भी नहीं कर रहे हैं। भाजपा के लोग हमारे आपके बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी के संविधान के पीछे पड़े हैं। ये कह रहे थे 4 सौ पार, लेकिन इस बार 4 सौ हार का नारा जनता लगा रही है।
  • जो हमारा किसान है गरीब है उसकी लागत बढ़ती जा रही है और कर्ज है वो भी बढ़ता चला जा रहा है। 4 जून के बाद जब सरकार बनेगी तो हमारे गरीबों का, किसानों का कर्ज माफ होगा।
  • हमारे नौजवानों को जो नौकरी मिल जानी चाहिए थी नहीं दे पाई सरकार और पेपर लीक के कारण जो परीक्षाएं रद्द हुई उसके कारण लाखों बच्चे रह गए जिन्हें नौकरी नहीं मिल पाई।
  • ये पूर्वांचल के वो जिले हैं आजमगढ़ से लेकर बलिया, गाजीपुर तक जहां का नौजवान दौड़ निकाल कर पक्की वर्दी पहनता था, लेकिन इस सरकार ने अग्निवीर जैसी व्यवस्था लागू करके उनके भविष्य से खिलवाड़ किया है। हमारी सरकार बनने पर हम इस अग्निवीर व्यवस्था को स्वीकार नहीं करेंगे।
5379487