Logo
Amethi Lok Sabha Chunav 2024: उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा कांग्रेस का मजबूत गढ़ रही है, लेकिन पिछला चुनाव राहुल गांधी हार गए। इस बार भी राह आसान नहीं है। सपा विधायक का परिवार भाजपा के लिए वोट मांग रहा है।

Amethi Lok Sabha Chunav 2024: उत्तर प्रदेश में अमेठी लोकसभा का चुनाव दिलचस्प हो गया है। समाजवादी पार्टी की विधायक महराजी प्रजापति का परिवार भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी के लिए वोट मांग रहा है। जबकि, उनके पति व सपा सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति जेल में बंद हैं। चुनाव प्रचार के यह वीडियो वायरल होते ही यूपी की सियासत गरमा गई।  लोग नफा-नुकसान का गणित बैठाने लगे।

वीडियो देखें...

अमेठी लोकसभा सीट कांग्रेस की गढ़ मानी जाती रही है। राहुल गांधी यहां से चार बार सांसद निर्वाचित हुए, लेकिन 2019 में भाजपा की स्मृति ईरानी ने उन्हें हरा दिया। भाजपा ने 2024 में भी स्मृति जूबिन ईरानी को प्रत्याशी बनाया है। जबकि, सपा-कांग्रेस गठबंधन से किशोरी लाल शर्मा को उनके खिलाफ उम्मीदवार के तौर उतारा है। 

 

अमेठी जीतने के लिए दोनों ओर से राजनीतिक दांवपेंच चले रहे हैं। भादर के घोरहा में शुक्रवार शाम आयोजित भाजपा की सभा में समाजवादी पार्टी की विधायक महराजी प्रजापति की बेटा-बेटी सहित पूरा परिवार भाजपा के लिए वोट मांगते नजर आया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी भी मंच पर मौजूद थीं। 

सपा विधायक की बेटी अंकिता ने सभा में मौजूद लोगों से कह रही हैं कि जिस तरह आपने हमारा साथ दिया है, उसी तरह स्मृति ईरानी का साथ दीजिए। स्मृति के सामने हाथ उठवाकर लोगों से भाजपा को जिताने की तस्दीक कराती हैं। इस दौरान जय श्रीराम के नारे भी लगाए जाते हैं। सपा विधायक महराजी प्रजापति चुनावी समर से दूर हैं, लेकिन परिजन भाजपा का प्रचार कर रहे हैं।  

राज्यसभा चुनाव में नहीं दिया वोट
2012 के चुनाव में गायत्री प्रसाद प्रजापति पहली बार सपा से विधायक बने। अखिलेश यादव ने उन्हें मंत्री बनाया। सपा ने 2017 में भी उन्हें प्रत्याशी बनाया, लेकिन भाजपा की गरिमा सिंह से हार गए। अभी बलात्कार के मामले में वह जेल में बंद हैं। पत्नी महराजी प्रजापति सपा की विधायक है, लेकिन फरवरी 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव में बीमारी का हवाला देकर वोट नहीं दिया था।  

दो माह पहले ED ने मारा था छापा 
चित्रकूट की एक महिला ने गायत्री प्रजापति के खिलाफ 2017 में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। फिर न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुना दी। वर्तमान में वह जेल में ही बंद हैं। गायत्री प्रजापति के खिलाफ अवैध खनन सहित अन्य मामले भी दर्ज हैं। 14 मार्च 2024 को ईडी ने उनके आवास पर छापेमारी की थी।

5379487