Logo
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा-पूर्व उप प्रधानमंत्री आडवाणी और पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री जोशी बुजुर्ग हैं। दोनों की उम्र को देखते हुए उनसे न आने का अनुरोध किया है।

अयोध्या। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी स्वास्थ्य और उम्र संबंधी कारणों के चलते अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं हो सकेंगे।मंदिर न्यास ने सोमवार को यह जानकारी दी। राम मंदिर का निर्माण करा रही संस्था श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कार्यक्रम में आमंत्रित किए गए लोगों का विस्तृत विवरण देते हुए कहा,  पूर्व उप प्रधानमंत्री आडवाणी और पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री जोशी बुजुर्ग हैं। दोनों की उम्र को देखते हुए उनसे न आने का अनुरोध किया गया है।जिसे दोनों ने स्वीकार कर लिया है। आडवानी अब 96 साल के हैं और जोशी अगले महीने 90 वर्ष के हो जाएंगे। 

23 से आम लोग रामलला के दर्शन कर सकेंगे 
चंपत राय बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की सभी तैयारियां 15 जनवरी तक पूरी कर ली जाएंगी। प्राण प्रतिष्ठा के लिए पूजा 16 जनवरी को शुरू होगी जो 22 जनवरी तक जारी रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को समारोह में शामिल होंगे। 23 जनवरी से आम लोग रामलला के दर्शन कर सकेंगे।  24 जनवरी से उत्तर भारत की परंपरा के अनुसार 48 दिनों तक मंडल पूजा होगी।

13 अखाड़े समारोह में भाग लेंगे
विभिन्न परंपराओं के 150 साधु-संतों और छह दर्शन परंपराओं के शंकराचार्यों सहित 13 अखाड़े समारोह में भाग लेंगे। कार्यक्रम में 4 हजार संतों को आमंत्रित किया है। इसके अलावा 2200 अन्य मेहमानों को भी निमंत्रण भेजा है। 

अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित और अंबानी सहित ये हस्तियां होंगी शामिल
महासचिव चंपत राय ने बताया कि काशी विश्वनाथ, वैष्णोदेवी जैसे प्रमुख मंदिरों के प्रमुखों, धार्मिक और संवैधानिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा, केरल की माता अमृतानंदमयी, योग गुरु बाबा रामदेव, अभिनेता रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित, अरुण गोविल, फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर और प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, प्रसिद्ध चित्रकार वासुदेव कामत, इसरो के निदेशक नीलेश देसाई और कई अन्य जानी-मानी हस्तियां भी प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में मौजूद रहेंगी। 

25 दिसंबर से भंडारा भी शुरू हो जाएगा 
अयोध्या में तीन से अधिक स्थानों पर मेहमानों के ठहरने की उचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा विभिन्न मठों, मंदिरों और गृहस्थ परिवारों ने 600 कमरे उपलब्ध कराए हैं। 25 दिसंबर से तीन प्रमुख स्थानों पर भंडारा भी शुरू हो जाएगा। 

5379487