Logo
UP Lok Sabha Chunav 2024: 2014 और 2019 में यूपी लोकसभा चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी इस बार प्रदेश में चुनाव नहीं लड़ेगी। प्रदेश में आम आदमी पार्टी के नेता गठबंधन के सहयोगी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे।

UP Lok Sabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में आम आदमी पार्टी ने बड़ा फैसला किया है। उत्तर प्रदेश में पार्टी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। प्रदेश में आम आदमी पार्टी के नेता विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे। आम आदमी पार्टी इससे पहले यूपी में 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ चुकी है।

विधानसभा चुनाव में सभी की जब्त हुई थी जमानत
बता दें कि 2022 विधानसभा चुनाव में आप ने 349 उम्मीदवार मैदान में उतारे लेकिन सभी की जमानत जब्त हो गई थी। इसके अलावा पार्टी के यूपी प्रभारी दिल्ली में शराब कांड के आरोप में जेल में हैं। इस समय यूपी में आम आदमी पार्टी का संगठन कमजोर पड़ा है।

2014 में 77 सीटों पर लड़ा चुनाव
2014 में आम आदमी पार्टी ने 80 सीटों में से 77 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उसका कहीं खाता नहीं खुला था। ज्यादातर उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी 2014 में यूपी के वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़े थे लेकिन उनको हार का सामना करना पड़ा था। 

1 सीट में मिली थी जीत
2019 में आम आदमी पार्टी ने 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रत्याशी उतारे। जिसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश के अलावा चंडीगढ़, बिहार, गोवा, पंजाब, अंडमान निकोबार, हरियाणा, ओडिशा शामिल थे। लेकिन पंजाब के संगरूर से उसके उम्मीदवार भगवंत मान को ही जीत मिली थी। 2014 में आप ने पंजाब में चार लोकसभा सीट जीती थीं।

2019 में यूपी में किसे कितनी सीटें मिली 
2019 लोकसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी को 62 सीटों पर जीत मिली थी। उसके सहयोगी दल अपना दल-एस ने दो सीटें जीतीं। इसके अलावा विपक्षी दलों की बात करें तो बसपा को 10 सीटें और समाजवादी पार्टी के खाते में 5 सीट गईं। कांग्रेस महज रायबरेली सीट ही जीत सकी।

5379487