Logo
Lucknow Road Accident: लखनऊ के अयोध्या हाइवे स्थित बीबीडी यूनिवर्सिटी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में पलट गया। ट्रक की चपेट में आने से आठ माह की प्रेगनेंट महिला, उनके पति व दो बच्चों की मौत हो गई।

Lucknow Road Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार रात तेज ऱफ्तार डंपर ने परिवार के चार सदस्यों को रौंद दिया। मृतकों में प्रेग्नेंट महिला भी शामिल है। पुलिस ने ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकलवाया और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

हादसा बीबीडी थाना क्षेत्र में हुआ है। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह के मुताबिक, शुक्रवार की देर रात तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर पलट गया था। जिसकी चपेट में आने से उमेश (35), उनकी पत्नी नीलम देवी (32) और 2 बच्चे गोलू (4) व सनी (13) की मौत हो गई। सभी लोग बाराबंकी के जैतपुर के रहने वाले थे। हादसे के वक्त यह लोग झोपड़ी में सो रहे थे। हादसे में प्रेग्नेंट महिला का पेट फट गया।  

झोपड़ी पर पलटा डंपर 
मृतक उमेश के भतीजे धरम सिंह ने बताया, देर रात मुरुम लदा डंपर झोपड़ी पर पलट गया था। भतीजी वैष्णवी की चीख पुकार सुनकर बाहर निकला तो देखा कि पूरा परिवार डंपर के नीचे दबा हुआ था। तत्काल पुलिस को सूचना दी। साथ ही आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। 

टाइल्स और मिट्टी के बर्तन बनाते थे उमेश 
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मुरुम और डंपर के नीचे दबे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बताया कि पिछले 12 महीने से उमेश परिवार के साथ यहां रहकर टाइल्स और मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करता था।

बेटी वैष्णवी ही बची 
घटना स्थल के पास रह रहे धरम सिंह ने बताया कि हादसे की आवाज सुन पूरा इलाका थर्रा गया, लेकिन इसमें चाचा के परिवार की चीख दब गई। आसपास के लोग जब तक पहुंचे सब खत्म हो चुका था। परिवार में एक बेटी वैष्णवी ही बची है। 

5379487