Logo
दरियाई घोड़े को कुछ दिन पहले ही कानपुर जू से लखनऊ शिफ्ट किया गया था। उसके स्वभाव को लेकर सूरज को बहुत अंदाजा नहीं था। नहीं तो सूरज हादसे से बच सकता था। 

लखनऊ। लखनऊ चिड़ियाघर में दरियाई घोड़े ने सफाई कर्मचारी सूरज को बाड़े में मार डाला। सूरज बाड़े में सफाई करके चारा डालने गया था। उसी वक्त दरियाई घोड़े ने सूरज का पेट दांतों से फाड़ डाला। दरियाई घोड़े के हमले में एक अन्य कर्मचारी राजू भी घायल हुआ है। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद सूरज के घरवालाें ने चिड़ियाघर के गेट पर हंगामा शुरू कर दिया।

सूरज को 50 हजार की आर्थिक सहायता 
धानुका निवासी सूरज दुबग्गा (54) के परिवार में 11 साल की बेटी और 9 साल का बेटा है। पत्नी हाउसवाइफ है। सदस्यों ने बताया कि सूरज को सिर्फ 5500 रुपए सैलरी मिलती थी और वह संविदा पर काम करता था। 12 साल से अलग-अलग वन्यजीवों के बाड़े में सफाई कर रहा था। चिड़ियाघर प्रशासन मामले की जांच करवा रहा है। साथ ही सूरज के परिवार की आर्थिक सहायता के लिए 50 हजार रुपए दिए गए। 

कुछ दिन पहले ही कानपुर जू से आया था दरियाई घोड़ा
बता दें कि हाल ही में दरियाई घोड़े को कानपुर जू से लखनऊ शिफ्ट किया गया था। इसलिए उसके स्वभाव को लेकर सूरज को बहुत अंदाजा नहीं था। नहीं तो वह हादसे से बच सकता था। 

शोर सुनकर अन्य कर्मचारी पहुंचे, राजू को बचाया
सोमवार को चिड़ियाघर विजिटर्स के लिए बंद रहता है। लेकिन, स्टाफ की छुट्‌टी नहीं होती। सूरज सुबह 10 बजे दरियाई घोड़े के बाड़े में सफाई करने गया, तभी घोड़े ने सूरज को उठाकर पटक दिया। साथी कर्मचारी राजू ने भागने की कोशिश की, लेकिन दरियाई घोड़े की टक्कर से वह भी घायल हो गया। शोर सुनकर अन्य कर्मचारियों ने उसको बचा लिया। 

पेट की आंत तक आ गईं बाहर 
चिड़ियाघर में काम करने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि दरियाई घोड़ा गुस्से में था। उसने सूरज के पेट को अपने दांतों से पकड़ लिया था। जिसके बाद उसका पेट पूरी तरह से फट गया और आंत तक बाहर आ गईं। वहीं, दूसरा कर्मचारी, जो घायल है, वह इतना डरा हुआ है कि वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है।
 

5379487