Logo
Satta king: उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद पुलिस ने क्रिकेट सट्टाबाजी का बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 10 साल से सट्‌टेबाजी का खेल खिला रहे 10 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सटोरियों ने कई बड़े राज उगले हैं।

Satta king: उत्तर प्रदेश सहित देशभर में सट्टेबाजी का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। रोज लाखों-करोड़ों के दांव लग रहे हैं। पुलिस भी सटोरियों पर नजर गड़ाए हुए है। यूपी की मुरादाबाद पुलिस ने क्रिकेट सट्टाबाजी का बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 10 साल से सट्‌टेबाजी का खेल खिला रहे 10 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सटोरियों ने कई बड़े राज उगले हैं। आइए  सिलसिलेवार जानते हैं सट्टेबाजी के खेल की पूरी कहानी...। 

जानिए पूरा मामला 
मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र में सटोरियों ने पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के बंगलों से सटे फ्लैट्स को ठिकाना बनाया और सट्टेबाजी का खेल शुरू किया। 20 रईसजादों का गिरोह पिछले 10-12 वर्षों से क्रिकेट में सट्‌टेबाजी लगा और लगवा रहे थे। पुलिस को सट्टा खिलाने की सूचना मिली। SP के निर्देश पर तुरंत टीम गठित की गई और पीटीसी गेट स्थित फ्लैट्स पर छापा मारा। 

पुलिस को देखते ही भाग गया मास्टरमाइंड 
पुलिस को देखते ही सटोरियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने 10 लोगों को दबोचा। छापेमार कार्रवाई के बीच सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड विशाल डुडेजा मौका देखकर फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में सटोरियों ने कई चौंकाने वाले राज उगले। 

सुशील चौधरी करता था वसूली 
IPL सट्टे का लेखाजोखा रखने वाले ग्रेसियस निवासी साहिल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वो विशाल डुडेजा के लिए काम करता था। विशाल डुडेजा IPL सट्टेबाजी सिंडिकेट का मास्टरमाइंड है। साहिल ने बताया कि उसे इस काम के लिए कमीशन मिलता था। पूछताछ में सटोरियों ने बताया कि सट्टा लगाने वालों से उगाही के लिए गैंग में सुशील चौधरी को जिम्मेदारी मिली थी। सुशील चौधरी शिक्षा विभाग में टीचर है। लेकिन अपने रसूख के दम पर कभी स्कूल में झांकने नहीं जाता। पुलिस को सुशील के पास से एक पिस्टल और एक रिवाल्वर मिली है। 

इन सटोरियों को पुलिस ने भेजा जेल 
पुलिस ने सुशील चौधरी उर्फ सुरेंद्र पुत्र, अभिनव पुत्र महेंद्र सिंह, कौशल कपूर पुत्र हृदयनारायण कपूर, विपुल पुत्र मनोहर, मनोज अरोड़ा पुत्र रविकांत अरोड़ा, धर्मेंद्र कुमार पुत्र बृजपाल सिंह, रोहित गुप्ता पुत्र चंद्रकांत गुप्ता, हेमंत कुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह, मोहम्मद शहजादे सलीम पुत्र मोहम्मद नईम, साहिल गुप्ता समेत 10 आरोपियों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।

इन्हें तलाश रही पुलिस 
पकड़े गए सटोरियों ने पुलिस के सामने कई बड़े नाम भी उगले हैं। पुलिस ने अमित नागपाल, कमलदीप टंडन, राजदीप टंडन, मुकुल गोटेवाला, आशु रस्तोगी, विशाल डुडेजा, रचित रस्तोगी, सुमित उर्फ सन्नी सेठी, टीटू उर्फ दीपक गगनेजा, विक्की छावड़ा और कमल छावड़ा पर FIR दर्ज की है। पुलिस इन सभी की तलाश में जुटी है।  

(Disclaimer: देश में सट्टेबाजी गैर-कानूनी है। यह आर्थिक जोखिमों के आधीन है। इसमें लत लगना स्वाभाविक है। हरिभूमि डिजिटल किसी भी प्रकार की सट्टेबाजी और हार-जीत के दावों को प्रमोट नहीं करता है)

5379487