Logo
UP By-Election 2024: उत्तर प्रदेश में नवनिर्वाचित सांसदों के इस्तीफे से खाली हुई विधानसभा की 10 सीटों पर जीत के लिए भाजपा ने योगी सरकार के 16 मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इसमें जातिगत समीकरण का विशेष ख्याल रखा है।

UP By-Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में मिली हार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर मोर्चे पर एक्टिव हैं। यूपी विधानसभा की 10 सीटों पर प्रस्तावित उपचुनावों के लिए उन्होंने 16 मंत्रियों की स्पेशल टीम बनाई है। जो संगठन व प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाकर बीजेपी के जीत की राह आसान करेगी। 

योगी की स्पेशल-16 टीम  में मंत्री सूर्य प्रताप शाही और मयंकेश्वर शरण सिंह, स्वतंत्र देव सिंह, आशीष पटेल, सुरेश खन्ना, संजय निषाद, दयाशंकर सिंह, राकेश सचान, अनिल कुमार, सोमेन्द्र तोमर, धर्मपाल सिंह, जेपीएस राठौर, अनिल राजभर, सुनील शर्मा, लक्ष्मी नारायण चौधरी, जयवीर सिंह शामिल हैं। इन्हें अलग-अलग सीटों जिम्मा सौंपा गया है। 

UP के किस मंत्री को क्या जिम्मेदारी

  • अंबेडकरनगर से सपा सांसद लालजी वर्मा के इस्तीफे से खाली हुई कटेहरी विधानसभा सीट पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और अनुप्रिया पटेल के पति आशीष पटेल को जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों मंत्री कुर्मी समुदाय से आते हैं और कटेहरी विधानसभा सीट भी बहुल्य है। सपा सांसद लालजी वर्मा इसी बिरादरी से आते हैं। लोकसभा चुनाव में बड़ी संख्या में कुर्मी वोट इंडिया गठबंधन के खाते में चला गया है। 
  • कुर्मी बहुल फूलपुर सीट की जिम्मेदारी परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह व मंत्री राकेश सचान को दी गई है। दयाशंकर सिंह ठाकुर और राकेश सचान कुर्मी बिरादरी से आते हैं। यहां कुर्मी समुदाय के अलावा यादव-मौर्य बिरादरी के पर्याप्त वोट हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व अनुप्रिया पटेल इसी इलाके से आती हैं। 
  • कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह को मिल्कीपुर विधानसभा की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। यहां पासी, ब्राह्मण, मल्लाह और ठाकुर मतदाता पर्याप्त मात्रा में हैं। सू्र्य प्रताप शाही भूमिहार (ब्राह्मण) और मयंकेश्वर शरण ठाकुर समुदाय से आते हैं। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित मिल्कीपुर सीट पर बीजेपी ने सवर्ण वोटर साधने की कोशिश की है। फ़ैज़ाबाद सांसद अवधेश प्रसाद इसी सीट से विधायक थे, उन्होंने लल्लू सिंह को हराया है। 
  • मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट का जिम्मा मंत्री अनिल कुमार और सोमेंद्र तोमर को सौंपा गया। अनिल कुमार दलित और सोमेंद्र तोमर गुर्जर बिरादरी से आते हैं। यहां मुस्लिम, दलित, जाट और गुर्जर वोटर पर्याप्त मात्रा में हैं। यही कारण है कि भाजपा ने दलित-गुर्जर समुदाय के मंत्रियों को समीकरण साधने की जिम्मेदारी सौंपी है। यहां से RLD विधायक चंदन चौहान बिजनौर से सांसद निर्वाचित हुए हैं। 
  •  कानपुर में सीसामऊ सीट की जिम्मेदारी मंत्री सुरेश खन्ना और संजय निषाद को सौंपी गई है। मुस्लिम बहुल इस सीट पर पंजाबी-ब्राह्मण भी पर्याप्त मात्रा में हैं। यही कारण है कि भाजपा ने पंजाबी समुदाय से आने वाले सुरेश खन्ना और मल्लाह समुदाय के संजय निषाद को लगाया है। 
  • कुंदरकी सीट में धर्मपाल सिंह और जेपीएस राठौर को जिम्मा सौंपा गया है। धर्मपाल सिंह लोध और जेपीएस राठौर क्षत्रिय हैं।  
  • मझवां सीट का जिम्मा मंत्री अनिल राजभर को सौंपा गया हे। वह राजभर समुदाय से आते हैं। यहां निषाद और ब्राह्मण समजा के मतदाता पर्याप्त मात्रा में हैं। बीजेपी ने राजभर के आगे कर ओबीसी वोटर साधने की कोशिश की है। 
  • गाज़ियाबाद सीट की कमान मंत्री सुनील शर्मा को सौंपी गई है, वह ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। यहां वैश्य, ब्राह्मण मतदाता सर्वाधिक हैं। भाजपा सांसद अतुल गर्ग वैश्य समुदाय से आते हैं। यह सीट उन्हीं के इस्तीफे के चलते खाली हुई है।  
  • अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित खैर विधानसभा सीट का जिम्मा सीएम योगी ने मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी को सौंपा है। वह जाट समुदाय से आते हैं। खैर जाट बहुल्य सीट मानी जाती है। यहां का दलित-जाट समीकरण चुनाव की जीत हार में अहम भूमिका निभाता है।  
  • कन्नौज सांसद अखिलेश यादव के इस्तीफे से खाली हुई मैनपुरी की करहल उपचुनाव का जिम्मा भाजपा ने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को सौंपा है। वह मैनपुरी से विधायक हैं और ठाकुर समुदाय से आते हैं। यहां यादव, ठाकुर-शाक्य और पाल मतदाता पर्याप्त मात्रा में हैं। 2022 में भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल को चुनाव लड़ाया था, लेकिन सफलता नहीं मिली।  

सपा के पीडीए समीकरण ध्वस्त करने पर जोर 
लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा का फोकस क्षत्रिय वर्ग की नाराजगी दूर करना है। सपा के पीडीए समीकरण को ध्वस्त करने पर है। इसके लिए हर सीट पर जिम्मेदारी सौंपते समय जातिगत समीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। विधान परिषद के चुनाव में बहोरन लाल मौर्य को प्रत्याशी बनाकर कोयरी बिरादरी को साधने की कोशिश की गई है।

5379487