Logo
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से गंगा, घाघरा, सरयू और शारदा नदियां उफान पर हैं। अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी के प्रमुख घाट डूबे हुए हैं। प्रयागराज में सड़क किनारे अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में बाढ़ और बारिश का कहर जारी है। गंगा, शारदा और घाघरा समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। तेज बारिश के चलते हुई घटनाओं में शनिवार से अब तक 14 लोगों ने जान गवां दी। इनमें मेरठ में बिल्डिंग ढहने से 10 लोगों की मौत भी शामिल है। मौसम विभाग ने सोमवार को 29 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज के प्रमुख घाट डूबे हुए हैं।

वीडियो देखें 

मौसम विभाग ने सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। भारी बारिश के बाद शनिवार को मेरठ के जाकिर नगर इलाके में तीन मंजिला भवन गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई थी।

यह भी पढ़ें: Delhi Weather Update: राजधानी में होगा गर्मी का यू-टर्न! मौसम तेजी से बदल रहा करवट, सिर्फ 3 दिन और राहत की सांस  

प्रयागराज में सड़क पर अंतिम संस्कार, घरों में घुसा पानी
तेज बारिश के चलते गंगा, घाघरा, सरयू और शारदा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी के प्रमुख घाट डूबे हुए हैं। प्रयागराज के देहात इलाकों में 10 हजार से ज्यादा घरों में पानी घुसा हुआ है। अंतिम संस्कार के लिए जगह नहीं बची, जिस कारण लोग सड़क किनारे संस्कार करने को मजबूर है। 

UP के इन जिलों में भी बाढ़ के हालात 

  • वाराणसी में गंगा का जलस्तर रविवार को खतरे के निशान को पार कर गया। 85 घाट पानी में डूब गए। यहां की 5 कॉलोनियों में पानी भर जाने से करीब 25 हजार लोग परेशान हुए। 
  • बस्ती जिले में सरयू नदी उफान पर है। बाढ़ के चलते यहां एक मकान नदी में समा गया। 
  • झांसी स्थित सरकारी गोदाम में पानी भर जाने से 5 करोड़ का अनाज सड़ गया। 
  • पीलीभीत में बाइक सवार दो युवक पानी के तेज बहवा में बह गए। स्थानीय लोगों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बचा लिया। 
  • लखीमपुर खीरी में शारदा नदी खतरे के निशान से 60 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। पलिया तहसील टापू चारो तरफ पानी से घिर गई है। क्षेत्र के 1 लाख लोग और 170 से अधिक गांव पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में हैं। 
  • गोंडा में घाघरा नदी का पानी खतरे के निशान से 87 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। यहां के 20 गांव बाढ़ की चपेट में है। 

यूपी में सामान्य बारिश से 8 फीसदी कम
यूपी में रविवार को औसतन 2.2 मिमी बारिश हुई। सहारनपुर में सर्वाधिक 40.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि, 52 जिलों में पानी नहीं बरसा। 1 जून से अब तक यूपी में 638.1 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य बारिश (692 मिमी) से 8 फीसदी कम है। मध्यप्रदेश से सटे जिलों में ही अच्छी बारिश हुई। 

5379487