Logo
Lucknow Bulldozers action:लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारी सोमवार सुबह 7 बजे 10 जेसीबी, 4 पोकलैंड लेकर  कुकरैल नदी की जमीन पर खाली कराने अकबरनगर पहुंचे। यहां अवैध रूप से बने मकान, मदरसों व अन्य धार्मिक स्थल तोड़े जाने हैं।

Lucknow Bulldozer Action: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव संपन्न होते ही योगी सरकार का बुल्डोजर दौड़ने लगा। सोमवार को राजधानी के अकबरनगर में बड़ी संख्या में पक्के निर्माण तोड़े गए। यहां तकरीबन 1200 मकान चिन्हित किए गए हैं। जिन्हें हटाने की प्रक्रिया सोमवार सुबह 7 बजे से शुरू कर दी गई है। 

कुकरैल नदी की जमीन पर बने मकान ढहाने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारी सुबह 7 बजे 10 जेसीबी, 4 पोकलैंड व बड़ी संख्या में पुलिस बल लेकर पहुंचे। अकबर नगर द्वितीय में अवैध रूप से बने मकानों व मदरसों के अलवा अन्य धार्मिक स्थलों का ध्वस्तीकरण किया जाना है। पहले चरण में 100 मकान ध्वस्त किए जाने हैं।  

 

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि अकबर नगर प्रथम और द्वितीय में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेश पर की जा रही है। लोकसभा चुनाव के चलते कार्रवाई पर विराम लगाया गया था। चुनाव संपन्न होने के बाद पुन: अकबर नगर के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। विस्थापित को प्रधानमंत्री आवास आवंटित किए जाएंगे।  

अकबर नगर में कार्रवाई शुरू करने से पहले एलडीए की टीम ने अलाउंस कराकर मकान खाली करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद ज्यादातर परिवार खुद से सामान हटाते नजर आए। ध्वस्तीकरण के उपरांत मलबे को हटवाने नगर निगम की टीम सक्रिय रही। इस दौरान नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह सहित लखनऊ पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे।  

5379487