Logo
Pakistan Expels Iran Ambassador: पाकिस्तान ने ईरान के राजदूत को बर्खास्त कर दिया है। ईरान की ओर से बलूचिस्तान में कुछ आतंकी कैंप्स को निशाना बनाए जाने के बाद पाकिस्तान ने यह कदम उठाया। इस हमले को अपनी संप्रभुता में दखलअंदाजी बताया।

Pakistan Expels Iran Ambassador: ईरान ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकी कैंपों को निशाना बनाया। इससे बौखलाए पाकिस्तान ने बुधवार को पाकिस्तान में ईरान के राजदूत को बर्खास्त कर दिया। साथ ही ईरान में मौजूद पाकिस्तान के राजदूत को भी वापस बुलाने का फैसला किया है। पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। ईरान की राजदूत फिलहाल अपने देश के दौरे पर हैं। जहरा ने कहा कि अब उन्हें पाकिस्तान लौट कर आने की जरूरत नहीं है। 

यह हमारी संप्रभुता में दखलअंदाजी: पाकिस्तान
पाकिस्तान सरकार ने बलूचिस्तान में किए गए मिसाइल अटैक की निंदा की है। इससे पहले ईरान ने मिसाइल अटैक की जिम्मेदारी ली। ईरान ने कहा कि बलूचिस्तान में जैस अल-अदल नामक आतंकी समूह के कैंप्स को निशाना बनाया गया है। यह आतंकी संगठन ईरान के सुरक्षाबलों पर हमला करने की गतिविधियों में शामिल था। हालांकि, पाकिस्तान ने इसे अपनी संप्रभुता में दखलअंदाजी बताया है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने ईरान पर अपनी वायु सीमा का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। 

हवाई हमले में दो बच्चों की मौत
पाकिस्तान ने कहा कि ईरान ने बेवजह पाकिस्तान को उकसाने की कोशिश की है। इस तरह के हमले बिल्कुल मंजूर नहीं है। पाकिस्तान को इस हमले पर जवाबी एक्शन लेने का पूरा हक है। पाकिस्तान ने दावा किया है कि ईरान के हवाई हमले में दो बच्चों की भी मौत हुई है। ईरान को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। हालांकि, ईरानी विदेश मंत्रालय की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। 

क्या होगा इसका भारत पर असर?
ईरान और पाकिस्तान के बीच इस ताजा विवाद से भारत पर सीधा असर नहीं होगा। हालांकि, भारत मौजूदा समय में ईरान के साथ मिलकर चाबहार बंदरगाह को विकसित करने के प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। ऐसे में इस क्षेत्र में अगर तनाव बढ़ता है तो ईरान और भारत दोनों पर इसका असर हो सकता है। बता दें कि ईरान का चाबहार पोर्ट रणनीतिक तौर पर भारत के लिए अहम है। इसके बनने पर भारत और ईरान के बीच अफगानिस्तान के रास्ते  कॉमर्शियल जहाज आ जा सकेंगे।भारतीय जहाजों को पाकिस्तानी के जलक्षेत्र से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। 

5379487